कालका-परवाणू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित टोल प्लाजा पर मंगलवार देर रात एक हिट एंड रन का मामला सामने आया। कालका से परवाणू की ओर आ रही तेज रफ्तार कार ने ड्यूटी पर तैनात एक टोल कर्मचारी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कर्मचारी घायल हो गया, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कर्मचारी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। हालांकि, फरार चालक पुलिस की नजर से बच नहीं सका। टोल प्लाजा पर लगे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन सिस्टम में कार का नंबर दर्ज हो गया है। इसी आधार पर पुलिस ने वाहन मालिक और चालक की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और एनपीआर सिस्टम से मिली जानकारी के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।