छोटी उम्र और बड़ा संकल्प। अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाड़लाघाट की 10 वर्षीय आस्था ठाकुर ने नशे के खिलाफ जनजागरण का अनूठा अभियान शुरू कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। आस्था ने शुक्रवार को दाड़ला से कुनिहार तक 35 किलो मीटर की दौड़ मात्र 5 घंटे 15 मिनट में पूरी कर लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। इससे पूर्व भी आस्था ने लगभग एक सप्ताह पहले दाड़ला से शिमला तक लगभग 42 किलो मीटर का सफर करीब आठ घंटे में दौड़कर पूरा किया था। इस दौरान भी उन्होंने पूरे मार्ग में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया था। आस्था राजकीय विद्यालय में छठी कक्षा की छात्रा हैं। उनके पिता सुनील ठाकुर पेशे से इंजीनियर तथा माता निशा ठाकुर गृहिणी हैं। परिवार में छोटी बहन तन्वी (8 वर्ष) और छोटा भाई रौनव (3 वर्ष) हैं। उन्होंने बताया कि जब वह नौ वर्ष की थीं, तभी उनके मन में नशा मुक्ति अभियान चलाने का विचार आया। शुरुआत में जब उन्होंने अपनी माता से इस बारे में बात की तो उन्होंने कम उम्र का हवाला देकर मना कर दिया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी यही सलाह दी, लेकिन उनके पिता सुनील ठाकुर ने उनका हौसला बढ़ाया और इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कुनिहार पहुंचने पर संभव चैरिटेबल संस्था की ओर से आस्था का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। संस्था की अध्यक्ष कौशल्या कंवर, कांता जोशी, मीरा शर्मा, मीना गर्ग संतोष, संतोष भारद्वाज, अनु जोशी, और रामेश्वरी देवी ने उन्हें पुष्पगुच्छ, टोपी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके नशा मुक्ति अभियान की सराहना की।