फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jogindra Cooperative Bank: 102वें वर्ष में 21.58 करोड़ का मुनाफा, अर्की में जल्द शुरू होगी एटीएम सुविधा

जोगिंद्रा सहकारी बैंक ने 102 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ग्राहकों के लिए नई सुविधाओं और बैंक विस्तार की योजनाओं की घोषणा की है। बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने अर्की में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक ने 21 करोड़ 58 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। यह पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 1 करोड़ 56 लाख रुपये अधिक है। उन्होंने बताया कि बैंक की जमा राशि 1,427 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,517 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं ऋण वितरण भी 711 करोड़ रुपये से बढ़कर 744 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। बैंक की नेटवर्थ में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो 140 करोड़ रुपये से बढ़कर 164 करोड़ रुपये हो गई है। मुकेश शर्मा ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के मानकों के अनुसार बैंक का सीआरएआर (CRAR) 19.9 फीसदी है, जबकि न्यूनतम सीमा 9 फीसदी निर्धारित है। इसके अलावा बैंक का शुद्ध एनपीए (NPA) शून्य फीसदी है, जो उसकी मजबूत वित्तीय स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय ग्राहकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया। ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैंक ने मुख्य मार्ग से दूर स्थित शाखाओं को चरणबद्ध तरीके से मुख्य मार्ग के समीप स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत जयनगर, कुनिहार और अर्की शाखाओं को नई जगह पर शिफ्ट किया जाएगा, जिससे लोगों को बैंकिंग सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि अर्की में जल्द ही बैंक की एटीएम सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को नकदी निकासी और अन्य बैंकिंग सेवाओं के लिए राहत मिलेगी। इस अवसर पर बैंक के प्रबंध निदेशक पंकज सूद, निदेशक रोशन वर्मा और अर्की शाखा के प्रबंधक मदन लाल भी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें