जिला सिरमौर के विधानसभा क्षेत्र शिलाई की क्यारी गुंडाह पंचायत में दो लोगों द्वारा करीब 200 किलोग्राम वजनी बीमार गाय को पीठ पर उठाकर अस्पताल पहुंचाए जाने का वीड़ियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग गाय को पीठ पर उठाकर अस्पताल पहुंचाने वाले दोनों बहादुरों की जमकर तारिफ कर रहे हैं। बता दें कि क्षेत्र के जिन रास्तों पर पैदल चलना तक कठिन है वहां 200 किलोग्राम वजनी गाय को दो लोगों द्वारा पीठ पर उठाकर अस्पताल पहुंचाया जाना अपने आप में बड़ी मिसाल है। गांव के दीप राम शर्मा की गाय कई दिन से बीमार थी। इस बीच गाय की जान बचाने के लिए दयाराम और लाल सिंह दोनों ने गाय को अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया। दोनों ने अपने कंधों पर गाय को रस्सियों से बांधा और कठिन रास्तों को पार करते हुए करीब तीन किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि इलाज के बाद गाय स्वस्थ है।