आंगनवाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन (संबंधित सीटू) की जिला कमेटी की बैठक उपाध्यक्ष नीलम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चार लेबर कोड के विरोध, ग्रेच्युटी, वेतन, मानदेय, पोषण ट्रैकर और अन्य लंबित मांगों को लेकर 12 फरवरी को प्रदेशभर में आंगनवाड़ी वर्कर एवं हेल्पर प्रदेशव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। जिला महासचिव वीना शर्मा ने बताया कि सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन और शिलाई में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार की मजदूर-विरोधी नीतियों की कड़ी निंदा की। विशेष रूप से चार लेबर कोड वेतन संहिता, औद्योगिक संबंध संहिता, सामाजिक सुरक्षा संहिता और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता को आंगनवाड़ी कर्मियों के अधिकारों पर सीधा हमला बताया गया। इन कानूनों के लागू होने से श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, रोजगार की स्थिरता और भविष्य पूरी तरह खत्म हो जाएगा।