पझौता कॉलेज में विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निबंध लेखन व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने एड्स जागरूकता और इसके बचाव पर अपने विचार प्रभावी रूप से प्रस्तुत किए। छात्रों में जागरूकता फैलाने हेतु कॉलेज ने एक जागरूकता रैली भी निकाली, जिसमें विद्यार्थियों ने एड्स से संबंधित संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इसके अतिरिक्त, एड्स पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसने विद्यार्थियों को तथ्यात्मक जानकारी प्रदान की और सामान्य भ्रांतियों को दूर करने में सहायता की। डॉक्यूमेंट्री के बाद डॉ. प्रकाश शर्मा ने एचआईवी/एड्स के हानिकारक प्रभावों, संक्रमण के तरीकों और रोकथाम के उपायों पर अत्यंत महत्वपूर्ण व्याख्यान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सौरभ ठाकुर के निर्देशन में किया गया। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और ऐसे जागरूकता अभियानों की निरंतरता पर बल दिया।