शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जुबानी हमला बोला है। मीड़िया को जारी बयान में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था चरमराई गई है। सरेआम गोलियां चल रही हैं, गुंडाराज चर्म पर है। कश्यप ने कहा कि आज प्रदेश की कांग्रेस सरकार प्रत्येक क्षेत्र में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि चाहे कानून व्यवस्था हो, महिला उत्पीड़न हो या फिर भ्रष्टाचार लगातार प्रदेश के हालात बीते 3 वर्षों में बिगड़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोलन में सरेआम गोलियां चली, जिला ऊना में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। नालागढ़ में पुलिस टीम पर हमला हुआ। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की कांग्रेस सरकार कानून व्यवस्था पर अपना नियंत्रण खो बैठी है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि हिमाचल जैसे शांत राज्य में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों पर सरकार को कड़ी कार्रवाई की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसा न हो।