वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सनियो दीदग में जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों को हेल्पलाइन सेवा व बच्चों के लिए बने कानून के बारे में जागरूक किया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन सिरमौर के सुपरवाइजर सुरेशपाल और केस वर्कर राजेंद्र सिंह ने बच्चों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। सुपरवाइजर सुरेश पाल ने हेल्पलाइन की सेवा, बच्चों के अधिकार और कर्तव्य के बारे विस्तार से बताया। इसके साथ ही बच्चों को इसके सही और गलत इस्तेमाल के बारे में भी जागरूक किया। केस वर्कर राजेंद्र सिंह ने आरटीई एक्ट, जेजे एक्ट, पोक्सो एक्ट, : बाल विवाह कानून के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इसके अतिरिक्त ही बच्चों को जिले में जिला बाल संरक्षण इकाई के अंतर्गत चलाई जाने वाली मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना और सुख शिक्षा एवं फोस्टर केयर के बारे में भी बताया गया। बच्चों के देखभाल और संरक्षण के लिए जिले में बाल कल्याण समिति के कार्यों के बारे में जानकारी दी। प्रधानाचार्य श्याम सिंह तोमर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस मौके पर पंचायत प्रधान कल्पना चौहान, एसएमसी अध्यक्ष संजीव ठाकुर, अनुशासन समिति के अध्यक्ष जयपाल सिंह व अध्यापकगण उपस्थित रहे।