नाहन। सिरमौर जिला की अजरौली और शखोली पंचायत में विभागीय अनुमोदित दल आरूषी ग्रामीण संस्थान ने गीतों व नाटक के माध्यम से लोगों को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में नाटक की प्रस्तुति द्वारा हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के अन्तर्गत चल रही स्वरोजगार योजना में 10 हजार रुपये की अनुदान राशि सहित 50 हजार रुपये का ऋण देने, हस्तशिल्प विकास योजना, ब्याज मुक्त शिक्षा ऋण योजना में तकनीकी विषयों एवं व्यवसायों में पढाई करने के लिए 75 हजार तक का ऋण बिना ब्याज पर और 75 हजार से एक लाख, 50 हजार का मात्र 4 प्रतिशत पर दिया जा रहा है। इस दौरान लोगों को नशे के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रधान अजरौली अभय धामटा, उप प्रधान कल्याण शर्मा, पूर्व प्रधान अमर सिंह, वार्ड सदस्य मनोज जींटा, महिला मंडल प्रधान सरजू देवी और प्रधान शखोली कौशल्या देवी, महिला मंडल प्रधान रेखा देवी, वार्ड सदस्य ज्ञान प्रकाश, सिलाई अध्यापिका वीना देवी आदि मौजूद रहीं।