नवयुवक मंडल नाहन की ओर से आयोजित चार दिवसीय श्री गणेश उत्सव का वीरवार को भव्य तरीके से समापन हुआ। पांवटा में बहने वाली यमुना नदी में भगवान गजानन के विर्सजन से पूर्व नाहन में निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान शहर की वादियां भक्तिमय हो उठीं। हिंदू आश्रम नाहन से निकली भगवान श्रीगणेश की शोभायात्रा में काफी श्रद्घालु शामिल हुए। शोभायात्रा हिंदू आश्रम से शुरू होकर दिल्ली गेट, महिमा लाईब्रेरी व नया बाजार होते हुए बाहरी क्षेत्र से पांवटा के लिए निकली। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरेया... का उद्घोष किया। ढोल की थाप पर भजन मंडली ने शहर में निकली यात्रा के पीछे-पीछे कीर्तन किया। दोपहर 12 बजे हिंदू आश्रम नाहन में भगवान श्री गणेश के भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। इसके बाद नवयुवक मंडल नाहन के प्रधान अमिल अग्रवाल उर्फ बिल्ला की अगुवाई में यात्रा 47 किलोमीटर दूर पांवटा साहिब के लिए रवाना हुई। जहां यमुना नदी के किनारे पहुंच कर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के जयकारों के साथ उनकी मूर्ति को पूजा-अर्चना के साथ नदी में विसर्जित किया। इससे पूर्व देर शाम को हिंदू आश्रम नाहन में भगवान श्री गणेश जी की आरती का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें शहर के सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विशेषकर महिला श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखा गया। वीरवार को शोभायात्रा पांवटा के लिए निकली। यहां यमुना नदी में गणेश की मूर्ति का विर्सजन किया गया। इस मौके पर कई श्रद्घालु उपस्थित रहे।