स्वास्थ्य खंड धगेड़ा की ओर से पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन में विश्व रेबीज दिवस मनाया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. काम्या गुप्ता ने की। इस अवसर पर डॉ. जयंत चहल ने बताया कि रेबीज जानलेवा है। यदि किसी को काट लें तो उसे जख्म को तुरंत साबुन और पानी से कम से कम 15 से 20 मिनट तक धोना चाहिए। इससे वायरस फैलने का 90 फीसदी खतरा कम हो जाता है। उन्होंने कहा कि रेबीज के कीटाणु नर्वस सिस्टम में जाने के लिए 7 से 10 दिन लेते हैं। एक भी वायरस नर्वस सिस्टम में चला गया तो रेबीज होने का खतरा रहता है। इसलिए कुत्ते के काटने के बाद तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। झाड़-फूंक पर विश्वास नहीं करना चाहिए। इसके अलावा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर व जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौर ने मासिक धर्म और हाथों की स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। हैड हाइजीन के बारे में विस्तार पूर्ण की जानकारी दी। डॉ. काम्या गुप्ता ने एनीमिया और पोषण के बारे में बताया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 270 किशोरियों का एचबी टेस्ट किया। वहीं निशुल्क दवाइयां भी बांटी गई। इस दौरान डॉ. विशाल, डॉ. समीर, सोनिया, निर्मला, रजनी, किरण शर्मा, विशाल गौड, आकांक्षा और आशा कार्यकर्ता हरविंदर कौर, गुरजीत कौर और नीरू आदि मौजूद रहे।