दिवाली को लेकर शहर समेत जिले भर के बाजारों में रौनक लौट आई है। बाजार में मिठाई, सजावटी सामान, दीयों और मोमबत्ती की लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इस बार पारंपरिक मिट्टी के दीयों के साथ-साथ मोमबत्ती और बैटरी से चलने वाले दीये भी ग्राहकों की पसंद बने हुए हैं। इसके अलावा ज्वेलर्स और मोबाइल विक्रेताओं की भी खूब चांदी हो रही है। इन दुकानों में भी पूरे दिन ग्राहकों को आना-जाना लगा रहा। मुख्यालय नाहन के बड़ा चौक में मिट्टी के दीयों, मोमबत्ती और सजावटी सामान को खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। यहां पर ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने छोटी दीवाली पर खूब खरीदारी की। दोपहर बाद शहरवासी भी बड़ी संख्या में बाजार आए और दिवाली पर्व को लेकर खरीदारी की। बाजार में सुबह से ही चहल-पहल लगी रही। इससे दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक नजर आई।