जिले के सरकारी स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए मुफ्त किताबों की खेप पहुंचनी शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग के इस कदम से हजारों छात्रों को समय पर अध्य्यन सामग्री मिल सकेगी। शिक्षा विभाग ने नए सत्र के लिए राजकीय स्कूलों में मुफ्त पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तेजी दिखाई है। सरकार की इस योजना के तहत पहली से दसवीं कक्षा तक के छात्रों को बिना किसी शुल्क के किताबें प्रदान की जा रही हैं। इस कड़ी में अब स्कूलों में निशुल्क पुस्तकों की खेप पहुंचनी शुरू हो गई है। बुधवार को राजकीय प्राथमिक पाठशाला कैंट में किताबों की खेप पहुंची। शिक्षकों ने बताया कि वीरवार सुबह इन किताबों को बच्चों को वितरित किया जाएगा।