प्राचीन शिव मंदिर पौढ़ीवाला में रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। सिरमौर जिला सहित हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचे और भगवान शिव के दरबार में माथा टेका। श्रद्धालुओं ने जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर का इतिहास पौराणिक कथाओं से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि इस पवित्र स्थल पर रावण ने भगवान शिव की कठोर तपस्या की थी और शिव कृपा प्राप्त की थी। इसी कारण यह मंदिर क्षेत्र में विशेष धार्मिक महत्व रखता है और दूर-दूर से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।