सिरमौर की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए यूको आरसेटी नाहन द्वारा आयोजित किया जा रहा 31 दिवसीय टेलरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा हुआ। अंतिम दिन महिलाओं के लिए परीक्षा का भी आयोजन किया गया। इस परीक्षा को सभी 32 अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक पास किया। समापन समारोह में मूल्यांकनकर्ता राकेश वर्मा और गुरमीत कौर ने महिलाओं के कार्यो का मूल्यांकन किया। जबकि निदेशक नवजोत कौर ने महिलाओं को अपना छोटा व्यवसाय (बुटीक) सफलतापूर्वक कैसे शुरू करें इसकी जानकारी प्रदान की। संकाय सदस्यों तानिया भाटिया ने बताया कि ये महिलाएं अब सिलाई-कटाई के क्षेत्र में दक्षता हासिल करके खुद को स्वरोजगार से जोड़कर अपनी आर्थिकी मजबूत कर पाएंगी। यूकोआरसेटी में चला यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरी तरह नि:शुल्क और राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण परिषद द्वारा प्रमाणित रहा। प्रशिक्षण की खास बात यह रही कि इसमें शामिल होने वाली महिलाओं के लिए संस्थान की ओर से नि:शुल्क रहने (आवास) और भोजन की व्यवस्था की गई थी ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और दूर-दराज की महिलाएं भी बिना किसी बाधा के अपना कौशल निखार सकें। प्रशिक्षण शिविर के दौरान विशेषज्ञ मंजीता ने महिलाओं को आधुनिक सिलाई-कटाई और डिजाइनिंग के गुर सिखाए। इसमें मुख्य रूप से डिजाइनिंग और कटिंग, कुर्ती, सलवार, ब्लाउज और पेटीकोट बनाने का पेशेवर तरीका। फिनिशिंग, प्रेसिंग और आधुनिक फैशन डिजाइनिंग की जानकारी शामिल रही। इस मौके पर संकाय सदस्य मनीषा भी मौजूद रहीं।