खरीफ सीजन के दौरान यूरिया खाद की कमी से परेशान सिरमौर जिले के किसानों के लिए राहत की खबर है। हिमफेड के माध्यम से इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) की यूरिया खाद की दूसरी खेप जिले में पहुंच गई है। विभिन्न बिक्री केंद्रों पर खाद का वितरण भी शुरू कर दिया गया है। यह जानकारी हिमफेड के क्षेत्रीय कार्यालय नाहन में आयोजित मासिक बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता हिमफेड के जिला निदेशक राजीव ठाकुर ने की। उन्होंने बताया कि जिले के सभी केंद्रों पर उपलब्ध स्टॉक के अनुसार किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) की यूरिया खाद की खेप भी जल्द मिलने की उम्मीद है, जिससे जिले में खाद की उपलब्धता और बेहतर होगी। इन केंद्रों पर पहुंची यूरिया खाद पांवटा साहिब – 540 बैग टिंबी – 1,340 बैग नाहन – 340 बैग सराहां – 560 बैग गिरिपुल – 740 बैग नौहराधार – 270 बैग राजीव ठाकुर ने बताया कि धामला, संगड़ाह और जमटा केंद्रों पर अभी यूरिया नहीं पहुंची है। इन केंद्रों पर भी एक-दो दिन के भीतर खाद की आपूर्ति कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण रासायनिक उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसके बावजूद उपलब्ध खाद को प्राथमिकता के आधार पर किसानों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि खरीफ सीजन की खेती प्रभावित न हो। बैठक में हिमफेड के क्षेत्रीय प्रबंधक मदन सिंह ने विभिन्न एजेंडों पर चर्चा की। इस दौरान कार्यालय के कर्मचारी और जिले के विभिन्न खाद विक्रेता भी मौजूद रहे।