एकेएम पब्लिक स्कूल ददाहू में मंगलवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जहां बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा, वहीं विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। मुख्यातिथि बीडीओ संगड़ाह नेहा नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस मौके पर रण सिंह भटनोर, राम सिंह ठाकुर और बाबू राम गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अनन्या ने पंजाबी पर मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि जमा एक के छात्र मयंक भारती ने पहाड़ी गीत पर नाटी प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। स्नेहा और प्रज्ञा ने पंजाबी गीतों पर शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रामायण के भावुक प्रसंग भरत मिलाप पर आधारित राम भक्त ले चला रे राम की निशानी, शीश पर खड़ाऊं अंखियों में पानी... की प्रस्तुति रही। बच्चों ने पहाड़ी, हिंदी, हरियाणवी, पंजाबी गीतों के साथ गिद्धा, देशभक्ति और लोकगीतों की प्रस्तुतियों से भी खूब वाहवाही लूटी। जमा दो की छात्रा यशस्विनी अग्रवाल ने मुख्यातिथि नेहा नेगी का स्केच बनाकर उन्हें भेंट किया। स्कूल के प्रबंध निदेशक विजय ठाकुर ने अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया, जबकि प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार ने विद्यालय की उपलब्धियों और गतिविधियों पर प्रकाश डाला। आठवीं कक्षा को सर्वश्रेष्ठ कक्षा और रेणुका सदन को सर्वश्रेष्ठ सदन घोषित किया गया। समारोह में एससीबीपीओ देविंदर शर्मा, अधीक्षक बलवंत सिंह, पीआई राजेश शर्मा, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।