विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े परिवार तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं को सीधे सुनने के उद्देश्य से नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने मंगलवार को खंड विकास कार्यालय नाहन में नव चयनित बीपीएल परिवारों के साथ संवाद किया। संवाद कार्यक्रम में विधायक ने परिवारों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान का रास्ता निकालना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न विभागों के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं की जानकारी दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाने के साथ-साथ परिवारों की आवश्यकताओं के आधार पर नई योजनाओं को तैयार करने में भी ऐसे संवाद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में विकास खंड नाहन की नेहली धीड़ा, बनेठी, नावनी, पंजाहल, धगेड़ा, रामाधौण, सैन की सेर और अंबवाला सैनवाला पंचायतों के 166 बीपीएल परिवारों की समस्याएं सुनी गईं। परिवारों ने आवास, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, पेंशन सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि बीपीएल परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रम 10 से 12 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत विकास खंड नाहन की 28 पंचायतों के करीब 596 बीपीएल परिवारों से संवाद किया जाएगा।