जिला मुख्यालय नाहन में निर्जला एकादशी पर लोगों ने जगह-जगह छबील लगाई। सड़कों के किनारों और बीच बाजार में राहगीरों ने तपती धूप में ठंडा-मीठा पानी पीकर राहत महसूस की। निर्जला एकादशी का पुण्य पाने के लिए लोगों ने कहीं पानी की सेवा दी तो कहीं जूस बांटा गया। हाल में हुई बारिशों के बाद आसमान में खिले सूरज की तपिश से हर कोई परेशान था। गर्मी से निजात पाने के लिए लोगों ने निर्जला एकादशी पर लगी छबीलों का सहारा लिया। श्री सनातन धर्म मंदिर नाहन में लायंस क्लब नाहन और श्री सनातन धर्म सभा ने संयुक्त रूप से जूस और दूध की छबील लगाई। लायंस क्लब नाहन के संस्थापक सदस्य राजीव बंसल, सुखदेव चौहान, अनिल मलहोत्रा व मंदिर के पुजारी ने राह चलते लोगों को जूस का वितरण किया। इसके अलावा श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर, बड़ा चौक में खेड़ा समिति और दिल्ली गेट पर सिख समुदाय के लोगों ने मीठे जल और दूध की छबील लगाकर राहगीरों की प्यास बुझाई और पुण्य कमाया। लायंस क्लब नाहन के संस्थापक सदस्य राजीव बंसल ने बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर समाजसेवा के कार्य किए जाते हैं। पानी की सेवा सर्वोपरी है। गर्मी में प्यासे लोगों को पानी पिलाने से मन को संतुष्टि मिलती है।