हिमाचल किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने कहा है कि जिला सिरमौर में 1 मार्च को किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य किसानों और बागवानों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर चर्चा करना है। वर्तमान में फसलों के उचित दाम, बढ़ती लागत, सिंचाई सुविधाओं की कमी, जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को मुआवजे जैसे विषय गंभीर चिंता का कारण बने हुए हैं। राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किसानों और बागवानों के लिए जो नीतियां बनाई जा रही हैं, उनकी जमीनी हकीकत पर भी सम्मेलन में विस्तार से चर्चा की जाएगी। किसानों को योजनाओं का लाभ किस स्तर तक मिल रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है, इस पर ठोस प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।