भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को नाहन में पत्रकारवार्ता कर जनहित से जुड़े कई मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सीमावर्ती जिलों में जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी से जुड़े कथित फर्जीवाड़े, पांवटा साहिब से कालाअंब तक बड़े टिप्पर-ट्रालों की आवाजाही, लंपी रोग और चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की। बिंदल ने कहा कि यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा जनता के साथ मिलकर जन आंदोलन करेगी और सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाएगी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने सिरमौर और सोलन समेत प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े की शिकायतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि यदि जमीन का मालिक, खरीदार और विक्रेता हिमाचल से बाहर के हैं और संबंधित जमीन भी हिमाचल में नहीं है, तो उसकी पावर ऑफ अटॉर्नी हिमाचल प्रदेश में क्यों तैयार की जा रही है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की जांच करवाने और इसके पीछे सक्रिय लोगों के साथ ही संभावित संरक्षण की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। बिंदल ने पांवटा साहिब से कालाअंब के बीच बड़े टिप्पर और ट्रालों की आवाजाही पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ओवरलोड और लंबे ट्रालों के कारण कई बार सड़क पर घंटों जाम की स्थिति बन जाती है। उनका दावा है कि जाम में एंबुलेंस तक फंस जाती हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से इन वाहनों की परमिशन, टैक्स और दस्तावेजों की जांच करवाने के साथ बिना नंबर चल रहे वाहनों पर भी कार्रवाई की मांग की। लंपी रोग को लेकर भी बिंदल ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 50 से अधिक पशुओं की मौत की जानकारी सामने आई है। इससे पशुपालकों और किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने पशु चिकित्सालयों में दवाइयों की कथित कमी और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। बिंदल ने सरकार से तत्काल पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध करवाने और प्रभावित क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने की मांग की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने नाहन क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से कानून व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। बिंदल ने कहा कि जमीन, यातायात, पशु स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दे सीधे आम जनता से जुड़े हैं। सरकार को इन पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भाजपा जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।