पांवटा साहिब में देर रात से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार वर्षा के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है। देहरादून-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर भूपपुर के समीप सड़क पर इतना पानी भर गया कि वहां तालाब जैसी स्थिति बन गई। इससे वाहन चालकों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई। विश्वकर्मा चौक, वाई प्वाइंट, भूपपुर और तारुवाला क्षेत्र में सड़कें पानी से लबालब नजर आईं। कई स्थानों पर वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन निकालने पड़े, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। शहर के वार्ड नंबर-6, 8 और 13 में हालात अधिक गंभीर रहे। यहां गलियों में पानी भर जाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई स्थानीय लोगों को घरों से निकलने और जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहरी क्षेत्र से गुजरने वाले दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रभावी जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में जलभराव की समस्या सामने आती है। लोगों ने संबंधित विभाग से स्थायी समाधान की मांग करते हुए नालियों और ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने की अपील की है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।