हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मौसम ने सोमवार को अचानक करवट ले ली। जिला मुख्यालय नाहन और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। सुबह आसमान में बादल और धुंध छाई रही, लेकिन दोपहर तक काले बादलों के घिरने के साथ तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सिरमौर जिले के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने सोमवार और मंगलवार के लिए जिले के सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही लोगों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें।