हिमाचल पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति जिला सिरमाैर के बैनर तले शुक्रवार को मुख्यालय नाहन में सभी विभागों, बोर्डों, निगमों के पेंशनरों ने रोष रैली निकाली। रोष रैली हिंदू आश्रम नाहन से शुरू हुई, जो चौगान, नया बाजार, लाइब्रेरी होते हुए डीसी कार्यालय पहुंची। यहां पर पेंशनरों ने उनकी अनदेखी पर प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। कमेटी के संयोजक ओएल चौहान ने कहा कि पेंशनरों का लाखों रुपये सरकार के पास लंबित है। इसमें जनवरी 2016 से पेंशनरों को ग्रेच्युटी, लीव एनकैशमेंट नहीं दिया गया है। महंगाई भत्ते का 60 महीने का एरियर बकाया है। इसके अलावा जुलाई 2023 से जुलाई 2025 तक के 16 प्रतिशत महंगाई भत्ते की पांच किस्तें भी जारी नहीं की गई हैं। इसके कारण पेंशनरों को औसतन हर महीने पांच हजार से 15 हजार रुपये प्रति माह का आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पेंशनरों के आत्म सम्मान को ठेस पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार को कर्मचारी चलाते हैं, उन्हीं पूर्व कर्मचारियों की सरकार अनदेखी कर रही है। इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस मौके पर पेंशनरों ने सरकार पर गंभीर आरोप भी जड़े। प्रदर्शन के बाद पेंशनरों ने डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा।