नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने सोमवार को भगवान परशुराम के ऐतिहासिक मियां मंदिर का निरीक्षण किया और मंदिर परिसर में आवश्यक मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, एसडीओ और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान विधायक ने सबसे पहले भगवान परशुराम के मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर के उन हिस्सों का निरीक्षण किया, जहां बारिश के कारण मरम्मत की आवश्यकता महसूस की जा रही है। स्थानीय लोगों ने विधायक को मंदिर की टपकती टीन की छत, फाउंडेशन में आई दरारों और क्षतिग्रस्त डंगों की जानकारी दी। इस पर विधायक ने अधिकारियों को टीन शेड की जगह लैंटर निर्माण की संभावना तलाशने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि यह संभव हो तो टीन शेड को पीछे की ओर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने मंदिर की फाउंडेशन में आई दरारों की मरम्मत, डंगों को मजबूत करने और वर्षा का पानी बाहर निकालने के लिए उचित जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में मंदिर को नुकसान न पहुंचे। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में एक हॉल के निर्माण की संभावनाएं भी तलाशने को कहा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासी, व्यवसायी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।