सिरमौर मुख्यालय नाहन में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सोमवार सुबह शहर की स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। मुख्य बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों की गलियों के मुहानों पर कचरे के ढेर लग गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार शनिवार को सफाई कर्मचारियों और सब्जी विक्रेताओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। इस कार्रवाई से नाराज सफाई कर्मचारियों ने सोमवार सुबह काम का बहिष्कार कर दिया और शहरभर से कूड़ा उठाने का कार्य बंद रखा। हड़ताल के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में कचरा जमा हो गया है। मुख्य बाजारों, गलियों और रिहायशी इलाकों में फैली गंदगी और बदबू से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन के सामने अब सफाई कर्मचारियों और सब्जी विक्रेताओं के बीच विवाद का समाधान निकालने के साथ-साथ शहर की बिगड़ती स्वच्छता व्यवस्था को जल्द पटरी पर लाने की चुनौती है।