अरब अमीरात (यूएई) के शाहजहां में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाले धावक वीरेंद्र सिंह कंठ का वीरवार को नाहन व रेणुकाजी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। विधायक अजय सोलंकी ने नाहन पहुंचने पर अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट वीरेंद्र सिंह का भव्य स्वागत किया। उन्होंने बताया कि वीरेंद्र सिंह ने 5000 मीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। इसके साथ ही उन्होंने 1500 मीटर और 800 मीटर स्पर्धाओं में रजत पदक भी अपने नाम किए हैं। इसके अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा तथा जिला आयुष अधिकारी डा. इंदू शर्मा द्वारा भी उनका स्वागत किया गया। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने बधाई देते हुए शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, विधानसभा उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विनय कुमार ने संगड़ाह पंचायत का नाम रोशन करने पर उन्हें विशेष तौर पर सम्मानित किया और पदक हासिल करने पर उन्हें बधाई भी दी। विनय कुमार ने बताया कि वीरेंद्र सिंह ने यह मुकाम हासिल करके पूरी रेणुका विधानसभा क्षेत्र का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाया है। उल्लेखनीय है कि संगड़ाह पंचायत के लगनू गांव से संबंध रखने वाले वीरेंद्र सिंह आयुष विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। बीती एक से पांच फरवरी के बीच शाहजहां में (टी13 श्रेणी) के लिए 5000 मीटर में स्वर्ण पदक, 1500 और 800 मीटर में दो रजत पदक हासिल करके अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स बैठक-2025 में भाग लिया। उन्होंने इस मुकाम को हासिल करने का श्रेय बलवंत झोटा (टीम मैनेजर), जितेश्वर दत्ता (कोच), आयुष विभाग के निदेशक व जिला आयुष अधिकारी को दिया है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तपेंद्र चौहान, मित्र सिंह तोमर, विनोद कंठ, सोहन सिंह तोमर सहित उनके प्रशंसक मौजूद रहे।