भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। भाजपा कार्यालय दीपकमल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. बिंदल ने कहा कि सिरमौर जिले के हजारों गरीब परिवार इस मेडिकल कॉलेज पर निर्भर हैं, लेकिन वर्तमान में यहां स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार कमजोर होती जा रही हैं। उनका आरोप है कि रेडियोलॉजिस्ट और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी महत्वपूर्ण जांच सेवाएं ठप हैं, जिससे मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगी जांच करवानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि ऑर्थोपेडिक्स, सर्जरी और स्त्री रोग विभाग में सामान्य ऑपरेशन के लिए भी मरीजों को करीब 15-15 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। इससे मरीजों की परेशानी बढ़ रही है और समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा। डॉ. बिंदल ने यह भी आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज के नए भवन का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो पाया है, जिसके कारण अस्पताल की बेड क्षमता नहीं बढ़ी और नए विभाग भी शुरू नहीं किए जा सके। उनके अनुसार अन्य मेडिकल कॉलेजों की तुलना में नाहन मेडिकल कॉलेज सुविधाओं के मामले में पीछे होता जा रहा है। उन्होंने डायलिसिस सुविधा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकारी क्षेत्र में सीमित बेड होने के कारण किडनी रोगियों को समय पर उपचार नहीं मिल रहा। साथ ही हिमकेयर कार्ड के तहत मिलने वाली मुफ्त डायलिसिस सेवा प्रभावित होने से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।