जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नाहन में समग्र शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित विद्यालय प्रमुखों की पांच दिवसीय नेतृत्व एवं प्रबंधन कार्यशाला के तीसरे दिन विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, प्रभावी नेतृत्व विकसित करने और प्रबंधन व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला के पहले सत्र में सीबीएसई पांवटा साहिब के प्रधानाचार्य जोगी राम कल्याण मुख्य वक्ता रहे। दोपहर बाद के सत्र में पीएम श्री विद्यालय शिलाई के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह ने डिजाइन थिंकिंग और सिस्टम थिंकिंग की अवधारणाओं पर प्रकाश डाला। कार्यशाला के प्रभावी डॉ. आईडी राही ने बताया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रमुखों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने सत्रों से प्राप्त मार्गदर्शन और सीख को अपने-अपने विद्यालयों में लागू करने का संकल्प लिया।