अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय नाहन में शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर विधायक अजय सोलंकी को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने कॉलेज में खेल मैदान विकसित करने, एमएससी जियोलॉजी सहित अन्य स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने और छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनीष बिरसांटा, जान्वी ठाकुर और एबीवीपी के अन्य प्रतिनिधियों ने विधायक को बताया कि कॉलेज में कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि एमएससी जियोलॉजी और अन्य स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू होने से सिरमौर जिले के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे जिलों या राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। एबीवीपी ने बताया कि इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को भी ज्ञापन भेजा गया है। प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज परिसर में खेल मैदान की सुविधा विकसित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि मैदान के अभाव में विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों और नियमित अभ्यास के लिए पर्याप्त अवसर नहीं मिलते। इसके बावजूद कॉलेज के कई खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। यदि खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध होती है तो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को और बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग भी विधायक के समक्ष रखी और कहा कि इससे छात्र नेतृत्व को बढ़ावा मिलेगा तथा विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का मंच मिलेगा। विधायक अजय सोलंकी ने विद्यार्थियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए बताया कि महाविद्यालय में खेल मैदान विकसित करने के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इसका बजट कॉलेज को जारी कर दिया गया है और जल्द ही मैदान का निर्माण कार्य शुरू होगा। साथ ही उन्होंने अन्य मांगों को भी सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया।