फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sant Ravidas Samrasta Yatra: संत रविदास के 650वें प्रकटोत्सव पर निकलेगी समरसता संकल्प कलश यात्रा, 3 अगस्त को सिरमौर पहुंचेगी

Ankesh Dogra Updated Fri, 31 Jul 2026 02:03 PM IST

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकटोत्सव के अवसर पर देशभर में निकाली जा रही समरसता संकल्प कलश यात्रा तीन अगस्त को सिरमौर जिले में पहुंचेगी। यात्रा के स्वागत को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को तैयारियों की जानकारी दी। डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के माजरा के समीप सैनवाला स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर में माथा टेकने के बाद बताया कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में 'संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान' चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश में भी कलश यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि काशी स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली से पवित्र मिट्टी से भरे हजारों कलश देश के विभिन्न राज्यों के लिए रवाना किए गए हैं। इन कलशों के माध्यम से संत रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता, प्रेम, भाईचारे, श्रम की गरिमा और मानव सेवा के संदेश को समाज तक पहुंचाया जाएगा। डॉ. बिंदल के अनुसार यात्रा दो अगस्त को हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी। ऊना में यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद तीन अगस्त को यह यात्रा सिरमौर जिले में पहुंचेगी। सिरमौर में पहला कार्यक्रम माजरा के समीप सैनवाला स्थित श्री गुरु रविदास आश्रम में आयोजित होगा। इसके बाद नाहन शहर के वार्ड नंबर-11 स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर में कलश यात्रा का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिरमौर के बाद यह यात्रा सोलन, शिमला और बिलासपुर होते हुए हमीरपुर पहुंचेगी। करीब नौ दिनों तक चलने वाले इस अभियान के दौरान प्रदेश के विभिन्न गुरु रविदास मंदिरों में पवित्र कलश स्थापित किए जाएंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज में समानता, मानवता और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस यात्रा में भाग लेकर संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें। इससे पहले डॉ. बिंदल ने सैनवाला स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर संत रविदास जी का आशीर्वाद लिया और समरसता, समानता एवं मानव सेवा के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें