सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहराधार में मेगा मल्टी स्पेशियलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। हिमालयन हेल्थ एनवायरनमेंट एवं सोशल वेलफेयर सोसायटी और हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में करीब 820 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर के दौरान 10 लोगों ने मृत्यु के बाद अंगदान और नेत्रदान करने की शपथ ली। सोटो की टीम ने 100 से अधिक लोगों को अंगदान के महत्व के बारे में जागरूक किया। इस दौरान मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित करने के साथ 120 लोगों के डिजिटल एक्सरे किए गए और 220 लोगों की आभा आईडी बनाई गई। शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप ने किया। शिविर में मेडिकल कॉलेज नाहन, आईजीएमसी शिमला और राजगढ़ से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।