रामपुर बुशहर। ग्राम केंद्र नरैण की बैठक ग्राम केंद्र अध्यक्ष कुलवंत रांझा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा रामपुर मंडल अध्यक्ष नरेश चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक समस्याओं पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में नरैण-ब्रांदली और भद्राश-ब्रांदली सड़क मार्गों की खराब स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। वहीं, नालियों की उचित व्यवस्था न होने के कारण बरसात का पानी लोगों की जमीनों में घुस रहा है, जिससे ग्रामीणों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। नरैण पंचायत के मुख्य मार्ग की खराब स्थिति पर भी चिंता जताई गई। बैठक में नरैण पंचायत की प्रधान अनु पोंड, पूर्व प्रधान शिवराम, राजाराम, राजेंद्र ठाकुर, विपिन, चंदन, सुंदरलाल, लेखराज, अनिल कुमार, देवेंद्र सिंह और जवाहर लाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।