ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेले पर पीजी कॉलेज रामपुर के पाटबंगला मैदान में आयोजित दो दिवसीय वरिष्ठ जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता संपन्न हो गई है। बुधवार को प्रतियोगिता के समापन समारोह में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। महिला वर्ग के वॉलीबाल प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला रोहड़ू और दत्तात्रेय टीम के मध्य खेला गया। रोहड़ू टीम ने 2-0 से मैच जीता। वहीं पुरुष वर्ग का खिताबी मुकाबला रोहड़ू रॉयल और जुब्बल पैंथर टीम के बीच खेला गया। रोहड़ू ने जुब्बल को सीधे सेट 3-0 से करारी शिकस्त दी। मुख्य अतिथि ने आयोजक कमेटी की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन समय समय पर होने चाहिए, ताकि युवाओं को प्रतिभा निखारने का मौका मिल सके। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया और नशामुक्त समाज निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। मुख्य अतिथि ने विजेता दोनों टीमों को 21 हजार नकद राशि और ट्रॉफी से नवाजा। वहीं उपविजेता टीमों को 11 हजार राशि और ट्रॉफी से पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 10 और महिला वर्ग की 6 टीमों के खिलाड़ियों ने पसीना बहाया। इस मौके पर मिलाप सिंह ठाकुर, यशविंद्र सिंह ठाकुर, राजेश गुप्ता, जसवीर सिंह ठाकुर, विनोज नेगी और विकास कंवर सहित कई अन्य मौजूद रहे।