उपमंडल स्तरीय स्कूल मॉनिटरिंग कमेटी ने वीरवार को सराहन खंड संचालित स्कूल बसों का निरीक्षण किया। कमेटी की टीम ने सराहन, झाकड़ी और ज्यूरी की 18 स्कूल बसों का निरीक्षण किया। स्कूल मॉनिटरिंग कमेटी के सचिव जसपाल सिंह नेगी ने विभिन्न स्कूलों की बसों में सुरक्षा उपकरणों, व्यवस्थाओं और दस्तावेजों की विस्तृत जांच की। निरीक्षण टीम में शिक्षा विभाग से बीईओ, सराहन ब्लॉक हेड कांस्टेबल, झाकड़ी पुलिस विभाग से आरएम, एचआरटीसी अधीक्षक और एसडीएलएमसी रामपुर बीएसआर स्कूल उपस्थित रहे। निरीक्षण प्रक्रिया में टीम ने सीटिंग व्यवस्था, आपातकालीन निकास द्वार, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस प्रणाली, परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और अग्निशमन यंत्रों की जांच की। कमेटी के सचिव जसपाल सिंह नेगी कहा कि बसों में किसी प्रकार की कोई गंभीर समस्या नहीं पाई गई। कुछ बसों में जीपीएस और सीसीटीवी कैमरा खराब पाया गया है, जिसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए है। जसपाल सिंह नेगी ने कहा कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य स्कूल प्रबंधन की जागरूकता और समय समय पर किए जाने वाले रखरखाव बारे जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसी उद्देश्य से निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों ने सभी स्कूलों से आग्रह किया कि बसों की नियमित जांच कराएं और आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखें।