उपमंडल रामपुर के पेंशनरों ने प्रदेश सरकार से लंबित एरियर, मेडिकल सहित अन्य भुगतान जल्द करने की गुहार लगाई है। सरकार की ओर से हाल में तीन प्रतिशत डीए की राशि जानी करने पर उन्होंने सरकार का आभार जताया है। पेंशनरों ने रामपुर में बैठक कर विभिन्न मांगों बौर समस्याओं को लेकर चर्चा की। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन रामपुर ने की बैठक बुधवार को पंचायत समिति हॉल रामपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदामा राम मेहता ने की। बैठक में रामपुर, ननखड़ी, काशापाट, नरैण, सरपारा और तकलेच सहित अन्य जोन के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं और मुद्दों पर चर्चा की गई। अध्यक्ष सुदामा राम मेहता ने कहा कि 14 अक्तूबर को शिमला में आयोजित धरना प्रदर्शन में रामपुर ब्लॉक से 35 पेंशनरों ने भाग लिया। राज्य कार्यकारिणी और जिला कार्यकारिणी ने रामपुर ब्लॉक के पेंशनरों की सराहना की। प्रदर्शन के बाद पेंशनरों को 16 प्रतिशत में से तीन प्रतिशत डीए दिया गया। डीए मिलने पर पेंशनरों ने खुशी जाहिर की है। पेंशनरों को लंबे समय के बाद डीए का भुगतान हुआ है। उन्होंने सरकार से एरियर और मेडिकल सहित अन्य भुगतान करने की मांग उठाई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में सर्वसम्मति से केवल राम को कोषाध्यक्ष का पदभार सौंपा गया। कृष्ण कुमार शर्मा ने सभी को एसोसएिशन की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी। महासचिव कृष्ण कुमार शर्मा ने सभी पेंशनरों की समस्याओं के बारे में अगवत कराया। बैठक में पेंशनरों से सदस्यता शुल्क भी लिया गया और सदस्यता बढ़ाने का आह्वान किया। इस मौके पर शिव राम, बालक राम भंडारी, रोशन लाल बदरेल, दर्शन दास, मोहन लाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक के बाद हेल्थ एज इंडिया संस्था ने वरिष्ठ पेंशनरों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में पेंशनरों को साईबर क्राइम, डिजिटल सुरक्षा और साक्षरता के बारे में जागरूक किया। महासचिव कृष्ण कुमार शर्मा ने संस्था का धन्यवाद किया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से नए अनुभव और डिजिटल सुरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त होती है।