पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय परिसर काजा में रविवार को पोलिंग अधिकारियों की अंतिम रिहर्सल हुई। इसके बाद विकास खंड काजा खंड की पांच पंचायतों में 26 मई को प्रथम चरण में होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री सहित पथ परिवहन निगम की बसों के माध्यम से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। अंतिम रिहर्सल की अध्यक्षता करते हुए ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी स्पीति शिखा सिमतिया ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्वाचन अधिकारी एवं बीडीओ काजा अंशुल शांडिल ने बताया कि पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि 28 मई को द्वितीय चरण में तीन और 30 मई को तृतीय चरण में दो ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। अंतिम रिहर्सल में मास्टर ट्रेनर सुभाष ने अधिकारियों को मतपेटी प्रबंधन, मतदान सामग्री के रखरखाव, मतदाता पहचान प्रक्रिया, मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं, सीलिंग प्रक्रिया, मतदान समाप्ति के बाद अपनाई जाने वाली औपचारिकताओं के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने स्थानीय लोगों से पंचायती राज चुनावों में लोकतंत्र की मजबूती के लिए बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर एसडीएम दीक्षित राणा, सेक्टर अधिकारियों सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।