राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या लोक कलाकारों के नाम रही। प्रसिद्ध लोक कलाकार बीरबल नेगी और केदार नेगी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। दोनों कलाकारों के गीतों पर पंडाल में मौजूद लोग झूमते नजर आए। सांस्कृतिक संध्या के स्टार कलाकार केदार नेगी ने ‘लगा रे लगा दिलों तीर लगा’ और ‘टेंशन नहीं लेने का, टेंशन तो देने का’ जैसे गीतों से युवाओं को नाचने पर मजबूर कर दिया। वहीं, बीरबल नेगी ने ‘पैसा-पैसा-पैसा ऐसा कैसा पैसा’, ‘संथानग मेमे विग्यो’, ‘सोनगिसहु दोखा’, ‘पीटा-पीटा-पीटा’ और ‘पेप्सी कोला तुंगते’ सहित कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके अलावा साधिका नेगी, समीक्षा नेगी, सुषमा नेगी, लक्ष्मी (बेबो), योगी बैरागन, मानसी नेगी, अमिता नेगी, चंद्र लाल और श्यामू नेगी ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। उपायुक्त सौनाक्षी सिंह तोमर ने उनका स्वागत करते हुए सम्मानित किया। किन्नौर महोत्सव की इस सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय लोक संस्कृति, संगीत और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया।