राजकीय महाविद्यालय रामपुर में शनिवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई है। यह प्रतियोगिता चार दिन खेली जाएगी और आठ कॉलेज टीमों के खिलाड़ी प्रतिभा के जौहर दिखाएंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ रामपुर कॉलेज के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. टीडी वर्मा ने किया। शुभारंभ अवसर पर उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण प्रतिस्पर्धा के साथ खेल में भाग लेने का आह्वान किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला राजकीय महाविद्यालय सीमा रोहड़ू और राजकीय महाविद्यालय निरमंड के बीच खेला गया। सीमा कॉलेज रोहड़ू की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 245 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। इस मौके पर डॉ. जितेंद्र साहनी, डॉ. ईश्वर नेगीए, प्रो. रविंद्र नेगी, प्रो. अनिल वर्मा, डॉ.सतपाल, डॉ. कृष्ण कुमार नेगी, अधीक्षक रोशन लाल और खेल सहायक युगराज सिंह सहित शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय रामपुर, रिकांगपिओ, निरमंड, आनी, सीमा रोहड़ू, नेरवा, सरस्वती नगर सावड़ा और डीएवी कोटखाई की टीमें भाग ले रही हैं।