अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर बुशहर में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। रामपुर थाना प्रभारी अशीष कौशल ने बच्चों को संबोधित करते हुए सुरक्षा संबंधी टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि नशे को हमेशा न कहना है। आपका कोई साथी गलत संगत या नशे में पड़ जाए तो उसकी शिकायत बड़ों से करें। उन्होंने बच्चों को कॅरियर संबंधी टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा जो भी कामयाब हुआ, वह फेल भी जरूर हुआ है। बस प्रयास करना नहीं छोड़ना है। समाज में अच्छा इंसान होना भी बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि यदि कोई मनचला आपको परेशान करता है या छेड़ता है तो वह ऐसी परिस्थिति में अपने आप को अकेला ना समझे और उनके मोबाइल पर कॉल करके शिकायत कर सकती हैं। पुलिस हमेशा आपके साथ है। कहा कि यदि आप चुप रहते हैं तो आप उस अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं। छात्राओं ने भी इस अवसर पर एसएचओ से सीधा संवाद किया। मंच संचालन विजय सिंह कड्डा ने किया।