लोकसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी लगातार प्रचार का स्तर गिरा रही है और इनकी प्रत्याशी कंगना रणाैत निम्न स्तर की बयानबाजी कर रही है। यह आरोप मंडी में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जैनव चंदेल व कांग्रेस वॉर रूम उपाध्यक्ष महेश्वर चौहान ने लगाए हैं। इन नेताओं ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना लगातार कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह व उनके परिवार पर व्यक्तिगत अभद्र टिप्पणियां कर रही हैं। कंगना की निचले स्तर की यह बयानबाजी देवभूमि हिमाचल की परंपरा के लिए चिंताजनक है। जैनब चंदेल ने कंगना को घेरते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी कांग्रेस नेताओं को दुष्ट कह रही हैं। पूर्व में कंगना का परिवार कांग्रेस पार्टी में ही शामिल था और उनके परदादा कांग्रेस पार्टी के विधायक भी रहे हैं। कांग्रेसी नेताओं के लिए दुष्ट जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर कंगना अपने पूर्वजों का भी अपमान कर रही है। महेश्वर चौहान ने कहा कि चुनावों के दौरान भाजपा मुद्दों से हटकर बातें कर अभद्र टिप्पणियां कर अपना उल्लू सीधा करने में लगी हुई है।