मंडी-पठानकोट हाईवे पर जोगिंद्रनगर में शुक्रवार देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक ने चलते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। जानकारी के अनुसार नागालैंड नंबर का ट्रक पठानकोट से लेह-लद्दाख की ओर लोहे की चादरें और करीब 15 टन भारी सामान लेकर जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 11:00 बजे शहर से लगभग एक किलोमीटर दूर गुरुद्वारा और अप्रोच रोड के समीप चढ़ाई पर ट्रक के पहिये अचानक रुक गए। इसके बाद ट्रक ढलान की ओर पीछे लुढ़कने लगा। स्थिति बिगड़ती देख चालक ट्रक से कूद गया और टायरों के नीचे पत्थर लगाकर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन अधिक भार होने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक हाईवे की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा और नीचे पठानकोट-जोगिंद्रनगर ऐतिहासिक रेल लाइन तक पहुंच गया। हादसे के दौरान ट्रक कई पलटे खाता हुआ नीचे गिरा, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए और लोहे का सामान खाई में बिखर गया। हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि जोगिंद्रनगर में मंडी-पठानकोट हाईवे पर हुए इस सड़क हादसे की जांच की जा रही है।