हिमाचल बेरोजगार युवा महासंघ ने प्रदेश सरकार की जॉब ट्रेनी पॉलिसी के विरोध में आने वाली 31 जुलाई को मंडी में विशाल प्रदर्शन आयोजित करने का ऐलान किया है। सोमवार को मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए हिमाचल बेरोजगार महासंघ के पदाधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी। महासंघ के विशाल मंढोत्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जॉब ट्रेनी पॉलिसी पूरी तरह से बेरोजगार युवाओं के साथ कुठाराघात है। एक युवा कई वर्षों की पढ़ाई और मेहनत के बाद टेस्ट देकर नौकरी हासिल करता है लेकिन सरकार को उसकी योग्यता पर यकीन ही नहीं रह रहा है। सरकार बार-बार टेस्ट के नाम पर युवाओं के साथ भद्दा मजाक कर रही है। 31 जुलाई को मंडी में एक हजार से अधिक युवा सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। सरकारी नौकरी के लिए तैयारी कर रहे बेरोजगार पुष्प राज ने बताया कि आज खराबी सरकारी सिस्टम में है लेकिन प्रताड़ित बेरोजगारों को किया जा रहा है।