जोगिंद्रनगर से अमृतसर जा रही एचआरटीसी बस के पिछले चारों टायर कोटला गांव के नजदीक खुल गए थे। इस घटना में सवारियां बाल-बाल बच गई थीं। इस घटना की जांच पड़ताल के बाद निगम प्रबंधन ने चालक विशन दास को निलंबित कर दिया। चालक ने अपने निलंबन को लेकर लगाए सभी आरोपों को निराधार बताया है। धर्मपुर बस अड्डे में पत्रकारों से चालक विशन दास ने आरोप लगाया है कि टाटा की रकाबें अशोक लेलैंड गाड़ी में डालने से यह घटना घटी। जिनकी गलती है, उन्हें बचाया जा रहा है। बस का काम किए बिना जबरदस्ती रूटों पर भेजा जाता है। इन्कार करने वालो को चार्जशीट का डर दिखाकर डराया जाता है। चालक ने इस हादसे के लिए हेड मैकेनिक व प्रबंधक को दोषी ठहराया है। चालक के साथ अन्य चालकों ने भी निगम प्रबंधन को चेताया है कि निलंबित ड्राइवर को बहाल नहीं किया गया तो साथ मिलकर सभी धरने पर बैठ जाएंगे और कोर्ट का दरवाजा खटखटाने से भी गुरेज नहीं करेंगे।उधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम धर्मपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि इस हादसे के लिए पूर्ण रूप से चालक जिम्मेदार है। यह हादसा उसकी लापरवाही से हुआ। हालांकि प्रबंधक ने यह भी माना कि इस बस में टाटा की रकाबें डाली गई थीं। जबकि यह गाड़ी अशोक लेलैंड है। वहीं, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक विनोद ने बताया कि चालक भी निगम के कर्मचारी हैं। एकतरफा कार्रवाई जैसा कुछ नहीं है। तकनीकी जांच के बाद ही कार्रवाई अमल लाई गई है।