सरदार पटेल यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों के विरोध के बाद प्रबंधन ने आगामी 12 मई से आयोजित होनी वाली परीक्षाओं को अब जून में कराए का निर्णय लिया है। बुधवार को छात्र संगठन एबीवीपी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न विद्यार्थियों ने परीक्षाओं की तिथि बढ़ाने को लेकर यूनिवर्सिटी वीसी का घेराव कर डाला। विद्यार्थियों का कहना है कि सरदार पटेल यूनिवर्सिटी, एचपीयू को आधार मानकर कार्य कर रही है। एचपीयू में यूजी और पीजी की परीक्षाएं 15 जून से होने जा रही हैं, जबकि उनकी परीक्षाएं एक माह पहले ही शुरू हो रही हैं। उधर एसपीयू का तर्क है कि परीक्षाओं में देरी होने पर इसका असर परीक्षा परिणाम में देखने को मिलेगा। इस मौके पर एबीवीपी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विशाल ठाकुर ने बताया कि अभी तक न तो विद्यार्थियों के प्रैक्टिकल पूर्ण हो पाएं हैं और न ही उनके प्रोजेक्ट कार्य पूरे हो सके हैं। ऐसे में सरदार पटेल यूनिवर्सिटी की ओर से परीक्षा में जल्दबाजी करना सही नहीं है। वहीं जब इस बारे में सरदार पटेल यूनिवर्सिटी कुलपति ललित कुमार अवस्थी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की मांग पर परीक्षा की तिथि को बढ़ा दिया गया है। लेकिन आने वाले समय में इसका असर इनके परीक्षा परिणाम पर पड़ेगा। एसपीयू ने यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार 90 दिन की अवधि पूरा होने पर ही यह परीक्षा कराने का फैसला लिया था। प्रबंधन ने छात्रों के भविष्य को देखते हुए यह निर्णय लिया था, लेकिन कुछेक छात्र इसके विरोध में उतर कर आए हैं। वहीं बहुत से छात्र अभी भी आगामी 12 मई से परीक्षा देने को तैयार हैं। परीक्षाएं देरी से होने पर परिणाम भी देरी से निकलेगा। जिससे आने वाले समय में उन छात्रों को परेशानी होगी जो अन्य कॉलेजों में प्रवेश के लिए जाएंगे।