तहसील लडभड़ोल के मुख्य बाजार तथा बस स्टैंड पर सोमवार को प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। टीम ने नियमों की अवहेलना करने पर, बिना लाइसेंस तंबाकू उत्पाद बेचने वाले तीन दुकानदारों और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले तीन लोगों के चालान काटे। लडभड़ोल के तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा और सिविल अस्पताल के नोडल अधिकारी एवं एमओ डॉ. निखिल शर्मा के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय दुकानदारों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा ने बताया कि इस संयुक्त अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को जागरूक करना है। उन्होंने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू या इससे जुड़े किसी भी उत्पाद की बिक्री पूरी तरह से निषेध है। उन्होंने अपील की कि युवा पीढ़ी तंबाकू व चिट्टे जैसे खतरनाक नशे से दूर रहे और खेलों व अन्य रचनात्मक गतिविधियों में अपना भविष्य संवारे। वहीं सिविल अस्पताल के डॉ. निखिल शर्मा ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए विभाग लगातार नजर रखेगा। भविष्य में भी पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर बाजारों सहित अन्य क्षेत्रों में समय-समय पर इस तरह की जांच और औचक निरीक्षण का दौर जारी रहेगा।