केंद्र सरकार के विकसित भारत संकल्प पर सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी में गुरुवार 20 नवंबर को एक समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी ने बताया कि 20 नवंबर को विकसित भारत और नशामुक्त हिमाचल पर एक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल विशेष रूप से शामिल होने यहां आ रहे हैं। इन दोनों के संदर्भ में यूनिवर्सिटी की तरफ से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कॉलेज स्तर पर किया गया है। बेहतर सुझाव व अग्रणी रहने वाले युवाओं को राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया जाएगा। समारोह के दौरान युवाओं को अपने विचार और अनुभवों को राज्यपाल के समक्ष साझा करने का पूरा अवसर दिया जाएगा। युवाओं की विकसित भारत को लेकर क्या सोच है और उनके क्या बहुमूल्य विचार हैं, इस पर खुलकर बात होगी। साथ ही हिमाचल को नशामुक्त कैसे बनाया जा सकता है इस बारे भी विस्तार से मंथन किया जाएगा।