शहीद इंदर सिंह माध्यमिक पाठशाला पंडोह में पहली बरसात ने खोली प्रशासनिक तैयारियों की पोल शहीद इंदर सिंह माध्यमिक पाठशाला पंडोह में पहली ही बरसात ने अव्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। स्कूल परिसर में बरसाती पानी भर जाने से विद्यार्थियों व शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते स्कूल का मैदान और प्रवेश द्वार जलमग्न हो गया, जिससे बच्चों का आना-जाना मुश्किल हो गया। कई विद्यार्थियों को जूते उतार कर पानी में चलकर क्लासरूम तक पहुंचना पड़ा। 2023 में आई बरसात में भी पाठशाला का यही हाल था। अभी तक 2023 में टूटी हुई चाहदीवारी नहीं लगी जिस कारण मैदान पूरा पानी में जलमग्न हो गया । स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल मानसून की शुरुआत में यही स्थिति बनती है लेकिन अब तक जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। अभिभावकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्कूल प्रांगण में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और चाहदीवारी की मांग की है ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और स्वास्थ्य को लेकर भी खतरा न बने।