मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुम्मा के समीप बुधवार शाम को सब्जी बेच रही एक महिला के गले से चेन झपटने का मामला सामने आया ह। ग्रामीणों ने पंजाब के नौ युवकों को दबोचा। जोगिंद्रनगर पुलिस ने पंजाब के नौ युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस को दी शिकायत में गुम्मा निवासी रामलाल ने बताया कि उनकी पत्नी पूनी देवी बुधवार शाम करीब छह बजे सड़क किनारे सब्जी बेच रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार नौ युवक वहां पहुंचे और महिला के गले से चेन झपटकर मंडी की ओर फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और आरोपियों को कुछ ही दूरी पर दबोचा। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच जारी है।