फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi News: झलोगी के पास पत्थर गिरने से मंडी-कुल्लू हाईवे प्रभावित, हनोगी टनल पर लंबा जाम

लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार को मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-3) पर झलोगी के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी। जानकारी के अनुसार, झलोगी क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार छोटे-बड़े पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ था। इसके चलते सड़क पर गिरे पत्थरों और मलबे को हटाने के लिए एनएचएआई की मशीनों को मौके पर लगाया गया। राहत कार्य के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात रोका गया। मलबा हटाने के बाद सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया गया और फिर वाहनों को चरणबद्ध तरीके से गुजरने की अनुमति दी गई। इस दौरान हनोगी टनल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। घटनास्थल पर पुलिस कर्मी यातायात व्यवस्था संभालते रहे, जबकि एनएचएआई की टीमें लगातार सड़क को सुरक्षित बनाने में जुटी रहीं। लगातार बारिश के कारण मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग के कई संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि फिलहाल मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु है। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर जरूरत पड़ने पर वाहनों को कुछ समय के लिए रोककर नियंत्रित तरीके से निकाला जा रहा है। उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान यात्रा से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें